Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज के श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह, पूजा-अर्चना कर लिया बाबा का आशीर्वाद

रानीगंज: राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह रविवार शाम रानीगंज स्थित प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु सराफ सहित अरुण राजपुरिया, बिनोद बंसल, सतीश खेमका, रमेश अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, कौशल सिंह, पप्पू माटोलिया, मुरारी लाल जोशी, राहुल केजरीवाल, अमित मरोदिया समेत अन्य सदस्यों ने मंत्री अर्जुन सिंह का सम्मानित किया।
इसके बाद मंत्री ने श्री खाटू श्याम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लिया। पूजा के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में सुशासन स्थापित होने, महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों की बेहतर शिक्षा तथा राज्य को गुंडागर्दी और सिंडिकेट से मुक्त कराने की कामना की।
मंदिर परिसर में मुलाकात के दौरान श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मंत्री के समक्ष पंजाबी मोड़ के पास मंदिर के लिए भव्य प्रवेश द्वार (तोरण द्वार) निर्माण की मांग रखी। ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि प्रवेश द्वार बनने से मंदिर की पहचान और अधिक आकर्षक होगी तथा श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
मंत्री अर्जुन सिंह ने पदाधिकारियों से कहा कि इस संबंध में वे जिलाधिकारी के पास आवेदन पत्र दें, ताकि प्रस्ताव पर आवश्यक प्रक्रिया के तहत विचार किया जा सके।
रानीगंज दौरे के दौरान परिवहन व्यवस्था को लेकर मंत्री अर्जुन सिंह ने राज्य सरकार की बस सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग के पास वर्तमान में करीब 750 बसें उपलब्ध हैं, लेकिन ड्राइवर और कंडक्टर की कमी के कारण इन सभी बसों का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि ड्राइवर और कंडक्टर की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। सरकार का लक्ष्य है कि दुर्गापूजा से पहले लगभग 650 बसों को सड़कों पर उतारा जाए। इसके साथ ही मार्च 2027 तक राज्य में करीब 1,000 बसों के संचालन की दिशा में भी काम किया जा रहा हैं। 
रानीगंज के श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह, पूजा-अर्चना कर लिया बाबा का आशीर्वाद रानीगंज के श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह, पूजा-अर्चना कर लिया बाबा का आशीर्वाद Reviewed by Bengal Media on August 30, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.