श्याम मंदिर परिसर में भीड़ में परिवार से बिछड़ी 3 साल की बच्ची, पंजाबी मोड़ फांड़ी पुलिस ने सुरक्षित माता-पिता को सौंपा
रानीगंज (अनूप जोशी): श्याम मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच परिवार से बिछड़कर लापता हुई महज तीन साल की बच्ची को पंजाबी मोड़ फांड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बरामद कर लिया और उसके माता-पिता के हाथों सौंप दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल से बच्ची के परिवार की चिंता खुशी और राहत में बदल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को तीन वर्षीय नेहा चौधरी अपने परिवार के साथ रानीगंज स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर आई थी। भीड़ के बीच किसी तरह वह अपने परिजनों से अलग हो गई। बच्ची को अकेला देखकर पंजाबी मोड़ फांड़ी की पुलिस ने तत्काल उसे सुरक्षित अपनी निगरानी में लिया।
पंजाबी मोड़ फांड़ी प्रभारी नाजमुल हुदा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने बच्ची की पहचान और उसके परिवार की तलाश शुरू की। विभिन्न जानकारियों और दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने बच्ची के परिवार का पता लगाया।
इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जामुड़िया थाना क्षेत्र के शांतिनगर निवासी बच्ची के पिता अनुज चौधरी को उनकी बेटी सुरक्षित रूप से सौंप दी गई।
लंबी चिंता के बाद बेटी को सकुशल वापस पाकर नेहा के माता-पिता भावुक हो उठे। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार जताया। परिवार का कहना था कि पुलिस की समय पर सक्रियता के कारण बच्ची जल्द सुरक्षित उनके पास लौट सकी।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की जनसेवा और मानवीय भूमिका को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने भी पंजाबी मोड़ फांड़ी पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मुसीबत में फंसे आम लोगों की मदद के लिए पुलिस का इस तरह आगे आना सराहनीय है।
श्याम मंदिर परिसर में भीड़ में परिवार से बिछड़ी 3 साल की बच्ची, पंजाबी मोड़ फांड़ी पुलिस ने सुरक्षित माता-पिता को सौंपा
Reviewed by Bengal Media
on
August 29, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
August 29, 2026
Rating:

No comments: