रानीगंज: रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली सभागार में ओपन रैपिड चेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कोलकाता, हावड़ा, बर्दवान, सिउड़ी, दुर्गापुर, रूपनारायणपुर, धनबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 135 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन रानीगंज थाने के आईसी पार्थो घोष ने किया।
प्रतियोगिता को लेकर स्पोर्ट्स असेंबली के प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण भरतिया ने कहा कि क्लब का उद्देश्य विभिन्न खेलों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि क्लब में बच्चों से लेकर महिलाओं, बुजुर्गों और सदस्यों तक सभी को खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। इसी उद्देश्य के तहत चेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है, जो बच्चों और बड़ों के मानसिक विकास तथा सोचने-समझने की क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है।
अरुण भरतिया ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 135 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है और विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार, ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित करने का लक्ष्य है।
वहीं, क्लब के सचिव सरवन कनोडिया ने कहा कि शतरंज बचपन से ही बच्चों के मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनके अनुसार, बच्चों को इस तरह के खेलों से जोड़ने से उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और एकाग्रता बढ़ती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर कर शतरंज सहित अन्य खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
क्लब के अध्यक्ष सौरभ खेतान ने बताया कि यह क्लब का दूसरी बार आयोजित चेस टूर्नामेंट है। इस बार पहले 120 प्रतिभागियों का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन खिलाड़ियों और अभिभावकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए संख्या बढ़ाकर 135 कर दी गई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 70-75 प्रतिशत प्रतिभागी बच्चे हैं।
सौरभ खेतान ने कहा कि शतरंज की खासियत यह है कि इसमें उम्र कोई बाधा नहीं है। कम उम्र का खिलाड़ी भी अपने से काफी बड़े खिलाड़ी को मात दे सकता है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल रखे गए हैं, ताकि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़े।
उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स असेंबली में चेस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों की कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष सतीश बगड़िया, प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण भरतिया, स्मिथ झुनझुनवाला, सैकत श्राफ सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली में ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट, 135 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
Reviewed by Bengal Media
on
September 20, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
September 20, 2026
Rating:

No comments: