Bengal Media

"Your Voice, Your News"

त्योहारों में बेहतर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने ट्रैफिक विभाग के डीसीपी को किया सम्मानित

रानीगंज : त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण ढंग से धार्मिक आयोजनों को संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन की भूमिका की सराहना करते हुए रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग के डीसीपी को सम्मानित किया गया।
यह सम्मान विशेष रूप से रानीगंज में महावीर अखाड़ा की शोभायात्रा तथा 130 वर्ष पुरानी सोलहआना मंदिर की मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा के दौरान किए गए बेहतर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदान किया गया।
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने ट्रैफिक विभाग के डीसीपी को सम्मानित करते हुए कहा कि शहर में बड़े धार्मिक आयोजनों और शोभायात्राओं के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना एक चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। इसके बावजूद पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने जिस तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई, वह सराहनीय है। इस दौरान रानीगंज ट्रैफिक गार्ड के ओसी सतीनाथ शील को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से ट्रैफिक विभाग के डीसीपी को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। इसके माध्यम से शहर के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को रोजाना होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के साथ-साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा गया। चैंबर के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि इन समस्याओं पर प्रशासन गंभीरता से विचार करेगा और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
चैंबर के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से ही शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकता है। त्योहारों के दौरान पुलिस विभाग की सक्रियता से आम नागरिकों, श्रद्धालुओं और व्यापारियों को काफी सहयोग मिला।
इस अवसर पर रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगुल किशोर गुप्ता, सचिव शरद कानोरिया, आर. पी. खेतान, प्रदीप बाजोरिया, अरुण भरतिया, राजेश गनेरीवाला, मनोज केशरी सहित चैंबर के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
त्योहारों में बेहतर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने ट्रैफिक विभाग के डीसीपी को किया सम्मानित त्योहारों में बेहतर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने ट्रैफिक विभाग के डीसीपी को किया सम्मानित Reviewed by Bengal Media on November 03, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.