रानीगंज- रानीगंज के रॉबिन सेन स्टेडियम में आज रानीगंज एथलीट कोचिंग सेंटर की ओर से एक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2026 में कोचिंग सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 17 युवक-युवतियों को सम्मानित किया गया, जिनका चयन विभिन्न सुरक्षा बलों में हुआ है।
इन सभी सफल अभ्यर्थियों को कोचिंग सेंटर के कर्णधार रवि सिंह के नेतृत्व में प्रशिक्षण दिया गया था। उनके मार्गदर्शन और अनुशासित प्रशिक्षण का परिणाम है कि इस बार भी बड़ी संख्या में युवाओं ने सुरक्षा बलों में सफलता हासिल की। कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित युवाओं को सम्मान चिह्न, प्रशस्ति पत्र और गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से रानीगंज के विधायक तापस बनर्जी, रानीगंज बोरो चेयरमैन मुज्जमिल साहज़ादा, रानीगंज शहर अध्यक्ष रंजीत सिंह, पूर्व टाउन अध्यक्ष रुपेश यादव, रानीगंज बॉयस हाई स्कूल के प्रिंसिपल प्रीतम चटर्जी, आर. पी. खैतान, मनोज केसरी, एस. के. ज़ाकिर तथा मॉर्निंग वॉकर एसोसिएशन के सभी सदस्य मौजूद थे।
इस अवसर पर रवि सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि उनके कोचिंग सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 1000 युवाओं को विभिन्न सुरक्षा बलों में नौकरी मिले। उन्होंने बताया कि अब तक 148 युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। उन्होंने मॉर्निंग वॉकर एसोसिएशन, स्टेडियम कमेटी, विभिन्न संगठनों और रानीगंज के लोगों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपना लक्ष्य अवश्य प्राप्त करेंगे।
वहीं मनोज केसरी ने कहा कि रवि सिंह के नेतृत्व में हर साल रानीगंज के युवाओं को सुरक्षा बलों में नौकरी मिल रही है, जिससे न सिर्फ रवि सिंह बल्कि पूरे रानीगंज का नाम देशभर में रोशन हो रहा है। उन्होंने इसके लिए रवि सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि मॉर्निंग वॉकर एसोसिएशन और स्टेडियम कमेटी के सहयोग से यह संभव हो पा रहा है।
रोनाई स्पोर्टिंग क्लब के मोहम्मद असगर खान ने भी रवि सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में युवाओं को जिस स्तर का प्रशिक्षण मिलता है, वह सराहनीय है। इससे रानीगंज के युवाओं को लगातार सफलता मिल रही है और शहर का नाम गौरवान्वित हो रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा।
समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल रहा और तालियों की गूंज के बीच युवाओं की सफलता का जश्न मनाया गया।
रानीगंज के 17 युवक-युवतियां सुरक्षा बलों में चयनित, भव्य सम्मान समारोह आयोजित
Reviewed by Bengal Media
on
February 01, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 01, 2026
Rating:

No comments: