Bengal Media

"Your Voice, Your News"

बर्दवान में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की गार्डवॉल धंसी, कई वाहन बड़े हादसे से बचे

बर्दवान- पूर्व बर्दवान जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार को अचानक गार्डवॉल धंसने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कई वाहन बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, पूर्व बर्दवान जिले के मेमारी थाना क्षेत्र के सरडांगा इलाके में कोलकाता से बर्दवान की ओर जाने वाली सड़क पर अचानक गार्डवॉल भरभराकर गिर गई। इसके साथ ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा भी धंस गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि आईआरबी नाम की एक निजी कंपनी इस सड़क के निर्माण का कार्य कर रही थी। इलाके के लोगों का आरोप है कि निम्न गुणवत्ता की सामग्री से निर्माण कार्य किए जाने के कारण यह घटना हुई है। घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने ऊपर से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है और जमालपुर थाना क्षेत्र के आजापुर इलाके से वाहनों को बाइपास के रास्ते भेजा जा रहा है। इस कारण इलाके में भारी जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण करने वाली कंपनी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें उठ चुकी थीं। आरोप है कि निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा था और कई बार सड़क की लाइटें भी बंद रहती थीं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का यह हिस्सा टूटने के बाद उनके द्वारा लगाए गए आरोप अब सही साबित हो गए हैं।
बर्दवान में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की गार्डवॉल धंसी, कई वाहन बड़े हादसे से बचे बर्दवान में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की गार्डवॉल धंसी, कई वाहन बड़े हादसे से बचे Reviewed by Bengal Media on March 11, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.