Bengal Media

"Your Voice, Your News"

आसनसोल में पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया बैग, गहने और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित लौटाए गए

आसनसोल- आसनसोल में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की बदौलत एक महिला को उसका खोया हुआ बैग सुरक्षित वापस मिल गया। इस सराहनीय कार्य में आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड की टीम ने अहम भूमिका निभाई, जिसके बाद महिला ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
मिली जानकारी के अनुसार, आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के कल्याणपुर हाउसिंग निवासी मिथु गोराई एचएलजी मोड़ से हट्टन रोड जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुई थीं। हट्टन रोड पहुंचने के बाद वह ऑटो से उतर गईं, लेकिन जल्दबाजी में अपना बैग वाहन में ही भूल गईं। बैग में कुछ गहने और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे, जिसके खो जाने से वह काफी परेशान हो गईं।
घटना का एहसास होते ही मिथु गोराई आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान एसआई (एबी) बिस्वनाथ दास, सीवी अनिमेष जाश और टीएचजी देबकांता कोड़ा ने संयुक्त रूप से इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार फुटेज की जांच के बाद उस ऑटो की पहचान कर ली गई, जिसमें महिला अपना बैग भूल गई थीं। इसके बाद पुलिस टीम ने ऑटो चालक का पता लगाकर बैग बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद बैग महिला मिथु गोराई को सौंप दिया गया। बैग में रखे गहने और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड की टीम का धन्यवाद किया।
इस संबंध में आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड के ओसी एसआई चिरंजीब गुहा रॉय ने बताया कि आम नागरिकों की मदद करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है।अधिकारियों की तत्परता और सक्रियता के कारण महिला को उसका खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिल सका, जिसकी इलाके में भी सराहना की जा रही है।
आसनसोल में पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया बैग, गहने और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित लौटाए गए आसनसोल में पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया बैग, गहने और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित लौटाए गए Reviewed by Bengal Media on March 11, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.