रानीगंज में रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात; ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
रानीगंज: आगामी 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर रानीगंज में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर शुक्रवार को रानीगंज थाना परिसर में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत रानीगंज थाना की ओर से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रानीगंज क्षेत्र की करीब 35 रामनवमी समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और प्रशासन के साथ शोभायात्रा की व्यवस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस बैठक में मुख्य रूप से डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मिर्धा, एसीपी ट्रैफिक जयंतो बाग, रानीगंज थाना प्रभारी अमित सिन्हा महापात्र,पंजाबी मोड़ फांड़ी प्रभारी नजमूल हुडा, निमचा फांड़ी प्रभारी सुल्ताना नसरीन, बल्लावपुर फांड़ी प्रभारी पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती, रानीगंज ट्रैफिक प्रभारी सतीनाथ शील, रानीगंज बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा, रानीगंज टाउन तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत सिंह, वार्ड पार्षद नेहा साव सहित बिजली विभाग, दमकल विभाग, रानीगंज थाना नागरिक कमेटी के सदस्य और प्रशासन के कई अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीसी सेंट्रल ध्रुव दास और एसीपी विमान कुमार मिर्धा ने स्पष्ट किया कि रामनवमी शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी। शोभायात्रा के दिन लगभग 400 से अधिक पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, मोबाइल पेट्रोलिंग और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी मौजूद रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।
प्रशासन की ओर से यह भी साफ कर दिया गया कि शोभायात्रा के दौरान डीजे बजाने और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने सभी रामनवमी समितियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और इस धार्मिक आयोजन को शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न कराने में सहयोग दें।
बैठक में शोभायात्रा के निर्धारित रूट, समय सीमा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है, ताकि आम लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन स्थितियों से निपटने और मेडिकल सहायता को लेकर भी विस्तृत रूप से रणनीति तैयार की गई। दमकल विभाग और बिजली विभाग को भी विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तकनीकी या आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
प्रशासन ने बताया कि इस बार भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे शोभायात्रा मार्ग पर निगरानी रखी जाएगी। साथ ही पुलिस की विशेष टीमें भी लगातार गश्त करती रहेंगी।
बैठक के अंत में सभी रामनवमी समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे सभी नियमों का पालन करेंगे और शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।
रानीगंज में रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात; ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
Reviewed by Bengal Media
on
March 13, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 13, 2026
Rating:

No comments: