रानीगंज- रानीगंज स्थित श्याम मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। शनिवार को खड़गपुर से सैकड़ों की संख्या में श्याम भक्त पदयात्रा करते हुए श्याम बाबा का निशान लेकर रानीगंज श्याम मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्तों के पहुंचते ही पूरा वातावरण “श्याम नाम” और भजनों से भक्तिमय हो उठा।
मंदिर के ट्रस्टी पवन केजरीवाल,विनोद बंसल, विष्णु सराफ और विमल सराफ के नेतृत्व में मंदिर समिति की ओर से सभी पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए मंदिर में भोजन और विश्रामगृह की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बताया गया कि प्रतिदिन आरती के समय सैकड़ों की संख्या में भक्त मंदिर में उपस्थित रहते हैं और श्याम प्रभु के भजनों का दौर लगातार चलता रहता है। मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के माहौल से सराबोर रहता है।
करीब 30,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला यह भव्य मंदिर पारंपरिक उत्तर भारतीय वास्तुकला शैली में निर्मित है। मंदिर में श्याम बाबा के साथ-साथ सालासर हनुमान जी और श्री रानी सती दादी की भी विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है।
मंदिर ट्रस्टी विनोद बंसल ने बताया कि इस भव्य मंदिर का निर्माण वर्ष 2020 में शुरू हुआ था और 2024 में इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि यह देश का दूसरा सबसे बड़ा श्याम मंदिर माना जाता है और यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में अखंड ज्योति भी प्रज्ज्वलित की गई है, जिसे श्रद्धालु श्याम बाबा की कृपा और आशीर्वाद का प्रतीक मानते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन अलग-अलग शहरों और गांवों से श्याम भक्त पदयात्रा कर निशान लेकर मंदिर पहुंचते हैं। रानीगंज के इस श्याम मंदिर के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है और पूरे शहर का वातावरण श्याममय होता जा रहा है।
कोयला नगरी के रूप में प्रसिद्ध रानीगंज अब धीरे-धीरे श्याम भक्तों के लिए खाटू धाम की तरह पहचान बनाने लगा है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु श्याम बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
खड़गपुर से पदयात्रा कर सैकड़ों भक्त पहुंचे रानीगंज श्याम मंदिर, निशान यात्रा के साथ गूंजे श्याम भजन
Reviewed by Bengal Media
on
March 14, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 14, 2026
Rating:

No comments: