Bengal Media

"Your Voice, Your News"

चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत कई शीर्ष अधिकारी बदले

कोलकाता: विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए,
भारत निर्वाचन आयोग ने कई शीर्ष अधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया है। आयोग ने राज्य पुलिस के महानिदेशक पियूष पाण्डेय को पद से हटाकर उनकी जगह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्धनाथ गुप्ता को नया कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया है।
इसी क्रम में कोलकाता के पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार को भी पदमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह 1996 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय नंदा को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अजय नंदा पहले पश्चिम मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक के रूप में माओवादी विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभा चुके हैं और एसटीएफ के पहले आईजी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रशासनिक बदलाव यहीं नहीं रुके। राज्य के एडीजी (कानून-व्यवस्था) विनीत गोयल को हटाकर 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी 
अजय मुकुंद रानाडे को इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कारागार महानिदेशक (DG Prisons) के पद पर अब 1991 बैच के आईपीएस नटराजन रमेश बाबू को नियुक्त किया गया है।
इससे पहले आयोग ने रविवार रात को राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को हटाकर दुष्यंत नारिवाला को नया मुख्य सचिव बनाया था, जबकि गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा की जगह संघमित्रा घोष को नया गृह सचिव नियुक्त किया गया है।
दरअसल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हाल ही में पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान कराने की घोषणा की है। इसके तुरंत बाद आयोग ने यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
आयोग का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और हिंसा मुक्त चुनाव सुनिश्चित करना है। शीर्ष अधिकारियों के इन तबादलों को चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था मजबूत करने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत कई शीर्ष अधिकारी बदले चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत कई शीर्ष अधिकारी बदले Reviewed by Bengal Media on March 16, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.