Bengal Media

"Your Voice, Your News"

जामुड़िया में दिनदहाड़े बाइक चोरी, होटल में खाना खाते समय उड़ा ले गए चोर, सीसीटीवी नहीं होने पर उठे सवाल

जामुड़िया- जामुड़िया थाना क्षेत्र के श्रीपुर फांड़ी अंतर्गत चांदा मोड़ में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे स्थित एक होटल के बाहर खड़ी बाइक को चोरों ने उस समय चुरा लिया जब बाइक मालिक अंदर बैठकर खाना खा रहा था।
जानकारी के अनुसार चांदा दुर्गामंदिर तेलीपाड़ा निवासी और पेशे से लॉटरी विक्रेता विपतारण माजी रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी लॉटरी की दुकान बंद कर दो दोस्तों के साथ चांदा मोड़ स्थित एक होटल में खाना खाने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी हीरो ग्लैमर बाइक होटल के बाहर खड़ी कर दी थी।
करीब 1:20 बजे जब वह खाना खाकर बाहर निकले तो देखा कि जहां बाइक खड़ी की थी वहां से बाइक गायब है। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। अंततः उन्होंने श्रीपुर फांड़ी पहुंचकर बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीपुर फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि होटल के सामने कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और होटल मालिक को भी जल्द सीसीटीवी कैमरा लगाने की सलाह दी है।
इस मामले में होटल मालिक ने बताया कि दोपहर के समय होटल में काफी भीड़ रहती है। जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई है, उसने अपनी बाइक होटल से थोड़ी दूरी पर खड़ी की थी। रविवार होने के कारण चांदा में हटिया भी लगता है, जिससे इलाके में ज्यादा भीड़ रहती है। संभवतः इसी का फायदा उठाकर किसी ने बाइक चोरी कर ली।
हालांकि इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि चांदा मोड़ पर अक्सर श्रीपुर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी और ट्रैफिक पुलिस तैनात रहती है, इसके बावजूद दिनदहाड़े बाइक चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चांदा और निंघा इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं होती रही हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में चोरों तक पहुंच पाती है या नहीं।

जामुड़िया में दिनदहाड़े बाइक चोरी, होटल में खाना खाते समय उड़ा ले गए चोर, सीसीटीवी नहीं होने पर उठे सवाल जामुड़िया में दिनदहाड़े बाइक चोरी, होटल में खाना खाते समय उड़ा ले गए चोर, सीसीटीवी नहीं होने पर उठे सवाल Reviewed by Bengal Media on March 16, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.