दामोदर नदी से अवैध बालू खनन रोकने समेत सात सूत्री मांगों को लेकर सीपीआई(एम) का प्रदर्शन, पुलिस फांड़ी में दिया ज्ञापन
रानीगंज: दामोदर नदी से अवैध बालू खनन पर रोक लगाने, इलाके में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को बंद करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में कराने की मांग को लेकर सीपीआई(एम) रानीगंज एरिया कमेटी मुखर हो गई है।
सोमवार शाम पार्टी कार्यकर्ताओं ने लाल झंडों के साथ रैली निकालते हुए विरोध प्रदर्शन किया और रानीगंज थाना अंतर्गत बल्लभपुर पुलिस फांड़ी पहुंचकर सात सूत्री मांगों के समर्थन में पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पार्टी नेता सुप्रियो राय, हेमंत प्रभाकर,मलय मंडल और शाश्वती मित्रा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस को निष्पक्ष भूमिका निभानी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वामपंथी कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 107 लगाकर आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि तृणमूल समर्थित असामाजिक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं।
सीपीआई(एम) नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस की धमकी से वामपंथी आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने सभी समाजविरोधी तत्वों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। बल्लभपुर और आसपास के इलाकों में शराब और जुए का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बल्लभपुर, एगरा और दामोदर नदी के तटीय क्षेत्रों से खुलेआम अवैध बालू खनन किया जा रहा है। सीपीआई(एम) नेताओं का कहना है कि इस काम में तृणमूल से जुड़े लोग बेरोजगार और गरीब परिवारों के युवाओं को शामिल कर उन्हें अपराध की राह पर धकेल रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि अवैध बालू खनन के कारण नदी का जलस्तर घट रहा है, जिससे इलाके में जल संकट की स्थिति बन रही है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
सीपीआई(एम) नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दामोदर नदी से हो रहे अवैध बालू खनन को तुरंत बंद कराने की जोरदार मांग की।
दामोदर नदी से अवैध बालू खनन रोकने समेत सात सूत्री मांगों को लेकर सीपीआई(एम) का प्रदर्शन, पुलिस फांड़ी में दिया ज्ञापन
Reviewed by Bengal Media
on
March 09, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 09, 2026
Rating:

No comments: