Bengal Media

"Your Voice, Your News"

चुनाव से पहले पांडवेश्वर में भाजपा को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता रूपक पांजा तृणमूल में शामिल

पांडवेश्वर- चुनावी माहौल गरमाते ही पांडवेश्वर में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। लंबे समय से सक्रिय भाजपा नेता रूपक पांजा ने पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। तृणमूल में शामिल होने के बाद उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेन्द्र तिवारी के खिलाफ कई गंभीर और विस्फोटक आरोप लगाए हैं, जिससे स्थानीय भाजपा संगठन में असहजता बढ़ गई है।
रूपक पांजा कई वर्षों से इलाके में भाजपा का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं। लेकिन पार्टी छोड़ते ही उन्होंने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि पार्टी में पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को कोई सम्मान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जितेन्द्र तिवारी अपनी मर्जी से पार्टी चला रहे हैं, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है।
रूपक पांजा का यह भी दावा है कि पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर जितेंद्र तिवारी अपने करीबी लोगों को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। उनके अनुसार, इस तरह के एकाधिकारवादी रवैये के कारण पार्टी में काम करना मुश्किल हो गया है।
इधर, रूपक पांजा के तृणमूल में शामिल होने पर स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने उनका स्वागत किया। नेताओं का कहना है कि भाजपा के अंदर चल रही अस्थिरता और गुटबाजी का यह ताजा उदाहरण है। उनका मानना है कि रूपक पांजा के शामिल होने से पांडवेश्वर में तृणमूल का संगठन और मजबूत होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पांडवेश्वर क्षेत्र में पंचायत से लेकर लोकसभा तक कई बार राजनीतिक समीकरण बदले हैं। ऐसे में रूपक पांजा जैसे नेता का भाजपा छोड़ना और जितेंद्र तिवारी पर लगाए गए आरोप आने वाले चुनाव से पहले पार्टी के लिए नई चुनौती खड़ी कर सकते हैं।
अब सवाल यह है कि क्या जितेन्द्र तिवारी इस अंदरूनी संकट को संभाल पाएंगे और पार्टी में हो रही इस तरह की टूट को रोक पाएंगे। इस दल-बदल का पांडवेश्वर के वोट बैंक पर कितना असर पड़ेगा, इसका जवाब आने वाला समय ही देगा। 
चुनाव से पहले पांडवेश्वर में भाजपा को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता रूपक पांजा तृणमूल में शामिल चुनाव से पहले पांडवेश्वर में भाजपा को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता रूपक पांजा तृणमूल में शामिल Reviewed by Bengal Media on March 14, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.