आसनसोल- करीब एक महीने से खाली पड़े कुल्टी थाना के इंस्पेक्टर इंचार्ज पद पर आखिरकार नए अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है।आसनसोल–दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने पाथो सारथी घोष को कुल्टी थाना का नया इंस्पेक्टर इंचार्ज नियुक्त किया है। उनके पदभार संभालने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अब इलाके में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगेगा। बताया जाता है कि 12 फरवरी को कुल्टी थाना के तत्कालीन इंस्पेक्टर इंचार्ज कृष्लेंदु दत्ता का तबादला हावड़ा जिले के एक थाने में कर दिया गया था। इसके बाद से यह महत्वपूर्ण पद खाली पड़ा हुआ था। इस दौरान थाना क्षेत्र में कानून–व्यवस्था को लेकर कई तरह की समस्याएं सामने आईं और अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुल्टी थाना क्षेत्र पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमा के पास स्थित है, जिससे यह इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। इसी क्षेत्र में अंतरराज्यीय डीबूडीह चेकपोस्ट भी स्थित है, जहां से लगातार वाहनों की आवाजाही होती रहती है। ऐसे में थाना प्रभारी का पद खाली रहने से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी असर पड़ रहा था। पिछले एक महीने के दौरान कुल्टी थाना क्षेत्र में कई आपराधिक घटनाएं सामने आईं। पत्थर खदान इलाके में कई आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें मिलीं, वहीं बोहाल इलाके में एक हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इसके अलावा बराकर में होली के दिन दो समुदायों के बीच विवाद की घटना भी सामने आई थी, जिसे बाद में पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप से शांत कराया गया। हाल ही में एक महिला के गले से सोने की चेन छीने जाने की घटना ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। इसी बीच अब उत्तर 24 परगना से आए नए इंस्पेक्टर इंचार्ज पाथो सारथी घोष ने शुक्रवार को पदभार संभालने के बाद बताया कि वे कुल्टी थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों की स्थिति का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून–व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिस की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके। नए थाना प्रभारी की नियुक्ति के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि अब पुलिस प्रशासन सक्रियता के साथ काम करेगा और लंबित मामलों के साथ–साथ हाल के अपराधों का भी जल्द खुलासा किया जाएगा।
कुल्टी थाना को मिला नया प्रभारी, पाथो सारथी घोष बने इंस्पेक्टर इंचार्ज
Reviewed by Bengal Media
on
March 14, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 14, 2026
Rating:

No comments: