रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट: रानीगंज के संवेदनशील इलाकों में व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रानीगंज: रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार की सुबह आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने रानीगंज के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। टीम ने रानीगंज के बड़ाबाजार,सीआर रोड,इतवारी मोड़,मारवाड़ी पट्टी,हटिया रोड सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में जाकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से भी बातचीत कर सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मिर्धा, रानीगंज थाना प्रभारी अमित सिन्हा महापात्र सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा पंजाबी मोड़ फाड़ी प्रभारी नजमूल हुडा, निमचा फाड़ी प्रभारी सुल्ताना नसरीन,बल्लाभपुर फाड़ी प्रभारी पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती और रानीगंज ट्रैफिक प्रभारी सतीनाथ शील भी मौके पर उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक डायवर्जन और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी जैसे कदम उठाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं।
रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट: रानीगंज के संवेदनशील इलाकों में व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Reviewed by Bengal Media
on
March 26, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 26, 2026
Rating:

No comments: