जामुड़िया में चुनावी हलचल: केकेएससी कार्यालय पहुंचे डॉ. बिजन मुखर्जी, समर्थन की अपील से बढ़ी सियासी चर्चा
जामुड़िया- जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच रविवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी ने तपसी पंचायत इलाके में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। दिन की शुरुआत उन्होंने भैरव मंदिर और कुनुस्तोड़िया काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत की कामना के साथ की।
इसके बाद डॉ. मुखर्जी ने कुनुस्तोड़िया ग्राम, कुनुस्तोड़िया कोलियरी के दोतल्ला, फाइव स्टार, झिंगरी मोहल्ला, शिव मंदिर पाड़ा और पार्क पाड़ा होते हुए तपसी ग्राम तक व्यापक प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
अभियान के दौरान एक अलग ही सियासी नजारा देखने को मिला, जब भाजपा प्रत्याशी कुनुस्तोड़िया कोलियरी स्थित केकेएससी (कोयला खदान श्रमिक कांग्रेस) कार्यालय पहुंचे। वहां मौजूद श्रमिक संगठन के सदस्यों से उन्होंने मुलाकात की और अपने समर्थन में वोट देने की अपील की। तृणमूल से जुड़े माने जाने वाले इस संगठन के कार्यालय में भाजपा उम्मीदवार की मौजूदगी ने इलाके में राजनीतिक चर्चा को और तेज कर दिया है।
मीडिया से बातचीत में डॉ. बिजन मुखर्जी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल में आम जनता का कोई खास विकास नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास अगर हुआ है तो सिर्फ तृणमूल नेताओं का, जो आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक बन गए हैं, जबकि आम जनता अब भी वहीं की वहीं है।
अपनी जीत को लेकर आशावादी दिखते हुए उन्होंने कहा कि यदि जामुड़िया की जनता को लगता है कि वह उनके लिए काम कर सकते हैं, तो उन्हें जरूर समर्थन मिलेगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनावों में हिंसा के जरिए जीत हासिल की गई और यदि इस बार निष्पक्ष मतदान हुआ, तो भाजपा की जीत सुनिश्चित है।
जामुड़िया में चुनावी हलचल: केकेएससी कार्यालय पहुंचे डॉ. बिजन मुखर्जी, समर्थन की अपील से बढ़ी सियासी चर्चा
Reviewed by Bengal Media
on
March 22, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 22, 2026
Rating:

No comments: