आसनसोल दक्षिण में अग्निमित्रा पॉल का जोरदार जनसंपर्क, नगर निगम पर बोला हमला-बुनियादी सुविधाओं को लेकर उठाए बड़े सवाल
आसनसोल- आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में चुनावी हलचल के बीच भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार और मौजूदा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने शुक्रवार को बर्नपुर के विभिन्न इलाके में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए सत्ताधारी व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने क्षेत्र की बदहाल बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। इस जनसंपर्क अभियान के दौरान अग्निमित्रा पॉल ने रामबांध, श्यामबांध सहित कई इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों की समस्याओं को सुना और विकास के मुद्दों पर सीधे संवाद किया। इस दौरे के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान अग्निमित्रा पॉल ने राज्य सरकार और आसनसोल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के वार्ड संख्या 95 की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप है, सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है और बारिश के समय जलजमाव की समस्या से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम न तो इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठा रहा है और न ही किसी अन्य एजेंसी को कार्य करने की अनुमति दे रहा है, जिसके कारण आम जनता को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं सामने रखीं। लोगों ने बताया कि सड़कों पर गड्ढों की भरमार है, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश में घरों तक पानी पहुंच जाता है और बुनियादी सुविधाओं का अभाव अब गंभीर रूप ले चुका है। स्थानीय समस्याओं को सुनने के बाद अग्निमित्रा पॉल ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन प्राप्त होता है, तो आसनसोल दक्षिण की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
वही राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अग्निमित्रा पॉल का यह आक्रामक रुख और जमीनी मुद्दों पर फोकस चुनावी मुकाबले को और अधिक दिलचस्प बना रहा है। लगातार बढ़ते हमलों और जवाबी बयानबाजी के बीच आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट अब हाई-वोल्टेज सीट के रूप में उभर रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जनता इन आरोपों और वादों के बीच किसे अपना समर्थन देती है और किसके हाथों में क्षेत्र का भविष्य सौंपती है।
आसनसोल दक्षिण में अग्निमित्रा पॉल का जोरदार जनसंपर्क, नगर निगम पर बोला हमला-बुनियादी सुविधाओं को लेकर उठाए बड़े सवाल
Reviewed by Bengal Media
on
March 20, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 20, 2026
Rating:

No comments: