आसनसोल- पश्चिम बर्दवान जिले की बाराबनी विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को लेकर लंबे समय से जारी अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। भाजपा ने अपनी चौथी उम्मीदवारों सूची जारी करते हुए क्षेत्र के लोकप्रिय एवं चर्चित युवा नेता अर्जित राय को एक बार फिर से उम्मीदवार घोषित कर उन पर पार्टी ने अपना भरोसा जताया है हालांकि इस घोषणा के साथ ही इलाके में नई चर्चाओं और राजनीतिक तंज़ का दौर भी शुरू हो गया है। पिछले कई दिनों से बाराबनी क्षेत्र में इस बात की जोरदार चर्चा थी कि भाजपा इस बार किसी “सेलिब्रिटी चेहरे” को मैदान में उतार सकती है। पार्टी समर्थकों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच इसको लेकर उत्सुकता बनी हुई थी। कई नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, जिससे लोगों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई थीं। लेकिन जब भाजपा की चौथी सूची सामने आई, तो न तो कोई नया चेहरा दिखाई दिया और न ही कोई बड़ा राजनीतिक सरप्राइज मिला। पार्टी ने एक बार फिर अर्जित राय पर ही भरोसा जताया, जिससे कई लोगों के बीच आश्चर्य और सवाल दोनों खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि पार्टी को अंततः अर्जित राय को ही उम्मीदवार बनाना था, तो उन्हें पहली सूची में ही घोषित क्यों नहीं किया गया। उम्मीदवार चयन में इतनी देरी और सस्पेंस बनाए रखने के पीछे क्या कारण थे, इस पर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस निर्णय ने भाजपा की आंतरिक रणनीति पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि संभवतः पार्टी अंतिम समय तक किसी बड़े और प्रभावशाली चेहरे की तलाश में थी, लेकिन ऐसा कोई विकल्प नहीं मिलने के कारण अंततः पुराने उम्मीदवार पर ही भरोसा करना पड़ा। वहीं विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर तंज़ कस रहे हैं और इसे पार्टी की रणनीतिक असमंजस की स्थिति करार दे रहे हैं। वही अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा के इस फैसले का बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के चुनावी समीकरणों पर क्या प्रभाव पड़ता है और अर्जित राय इस बार मतदाताओं का कितना भरोसा जीत पाते हैं।
बाराबनी में भाजपा उम्मीदवार को लेकर सस्पेंस खत्म, फिर अर्जित राय पर भाजपा ने खेला दांव
Reviewed by Bengal Media
on
March 31, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 31, 2026
Rating:

No comments: