पूर्व बर्धमान (बुदबुद):भाजपा की परिवर्तन यात्रा का रथ बर्धमान से गलसी, होते हुए बुदबुद बाजार पहुंचा, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने रथ से ही लोगों को संबोधित किया। उनके साथ पूर्व बर्धमान जिला भाजपा अध्यक्ष अभिजीत ता सहित जिले और विभिन्न मंडलों के कई कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे।
निर्धारित समय से कई घंटे देर से परिवर्तन यात्रा का रथ बुदबुद बाजार पहुंचा। पहले यहां सभा आयोजित होने वाली थी, लेकिन देर होने के कारण शमिक भट्टाचार्य ने रथ पर खड़े होकर माइक के जरिए ही अपना भाषण दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपये का भत्ता दे रही हैं। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि क्या वे इस भत्ते से संतुष्ट हैं या राज्य में उद्योग और रोजगार चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह भत्ता प्रतिदिन लगभग 50 रुपये के बराबर है और जनता को तय करना होगा कि उन्हें भत्ता चाहिए या रोजगार।
शमिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि राज्य में विभाजन की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंच से मुख्यमंत्री मुस्लिम समुदाय को यह कहती हैं कि तृणमूल है इसलिए मुस्लिम सुरक्षित हैं, क्योंकि भाजपा को सांप्रदायिक और दंगाई बताया जाता है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सत्ता में आने पर राज्य में अन्नपूर्णा योजना के तहत लोगों को 3000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के लिए भेजे गए पैसे का हिसाब राज्य सरकार नहीं देती, लेकिन बार-बार केंद्र से और धन की मांग करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में इस बार भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ समझौता कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कोलकाता नगर निगम में काउंटर खोलकर नागरिकता प्रमाण पत्र “मुरी-मुर्की की तरह” बांटे गए और बीएलओ पर दबाव डालकर सिस्टम में गलत बयान अपलोड करवाए गए।
उन्होंने कहा कि सीमा से सटे कई इलाकों में पंचायतों के माध्यम से निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे SIR को लेकर जटिलता पैदा हुई है। इसके लिए तृणमूल कांग्रेस जिम्मेदार है।
अंत में उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “नो SIR, नो वोट।” उनका कहना था कि जब तक SIR की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी हालत में चुनाव नहीं होना चाहिए और इस मुद्दे को लेकर वे अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
“नो SIR, नो वोट” – बुदबुद से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य का बड़ा बयान
Reviewed by Bengal Media
on
March 10, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 10, 2026
Rating:

No comments: