रानीगंज में ओवैसी की चुनावी एंट्री, मजार गौसे बंगाला पर जियारत के बाद बोले- “AIMIM किसी की बी टीम नहीं”
रानीगंज - पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में AIMIM के प्रमुख Asaduddin Owaisi सोमवार को रानीगंज स्थित हज़ूर गौसे बंगाला दरगाह पहुंचे, जहां उन्होंने जियारत कर दुआ मांगी।
इस दौरान उनके साथ आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से AIMIM उम्मीदवार दानिश अज़ीज़ समेत कई पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे। ओवैसी के आगमन को लेकर इलाके में पहले से ही उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में लोग मजार परिसर में जुटे।
इस दौरान ओवैसी ने साफ कहा कि उनकी पार्टी इस बार पश्चिम बंगाल में चुनाव इसलिए लड़ रही है, ताकि राज्य में मुसलमानों का अपना मजबूत राजनीतिक नेतृत्व तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि अब तक बंगाल का मुसलमान कुछ चुनिंदा राजनीतिक दलों के साथ जुड़ता रहा है, लेकिन इससे उनके हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
ओवैसी ने कहा कि आज भी मुस्लिम समुदाय का बड़ा हिस्सा गरीबी और अशिक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन परिस्थितियों से बाहर निकलने के लिए जरूरी है कि मुसलमान राजनीतिक रूप से सशक्त बने और अपने अधिकारों के लिए खुद आवाज उठाए। AIMIM इसी लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरी है।
वहीं, आम जनता उन्नयन पार्टी के साथ गठबंधन टूटने और AIMIM को तृणमूल कांग्रेस की ‘बी टीम’ बताए जाने के आरोपों पर ओवैसी ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कभी उनकी पार्टी को भाजपा की बी टीम कहा जाता है तो कभी टीएमसी की, लेकिन हकीकत यह है कि AIMIM किसी भी पार्टी की बी टीम नहीं है।
ओवैसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी पार्टी आम जनता की आवाज है और वंचित एवं पिछड़े वर्गों को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रानीगंज में ओवैसी की चुनावी एंट्री, मजार गौसे बंगाला पर जियारत के बाद बोले- “AIMIM किसी की बी टीम नहीं”
Reviewed by Bengal Media
on
April 12, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
April 12, 2026
Rating:

No comments: