Bengal Media

"Your Voice, Your News"

भाजपा का ‘जन संकल्प पत्र’ लॉन्च: आसनसोल उत्तर में विकास की नई रणनीति

आसनसोल: आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने अपना बहुप्रतीक्षित ‘जन संकल्प पत्र’ जारी कर चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
संकल्प पत्र में कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा की आसनसोल उत्तर के समग्र और संतुलित विकास को अपना मुख्य लक्ष्य बताया। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए एक ठोस और समयबद्ध रोडमैप तैयार किया गया है।
क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल ट्रैफिक जाम को लेकर विशेष योजना पेश की गई है। कोर्ट रोड रेल गेट और बुधा जल टैंक मोड़ जैसे प्रमुख जाम बिंदुओं पर स्थायी समाधान का वादा किया गया है। इसके साथ ही जिला अस्पताल और हटन रोड के आसपास ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है।
संकल्प पत्र में पेयजल संकट के समाधान, सड़कों और नालियों के निर्माण व मरम्मत, और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। मुखर्जी ने कहा कि इन मूलभूत जरूरतों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
युवाओं के लिए कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) कार्यक्रम और रोजगार सृजन योजनाओं को भी संकल्प पत्र में प्रमुखता दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
टोटो और ऑटो चालकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए निर्धारित रूट तय करने और स्टैंड को वैधानिक मान्यता देने का आश्वासन दिया गया है। इससे यातायात व्यवस्था सुधरने के साथ-साथ चालकों की आजीविका भी मजबूत होने की उम्मीद जताई गई है।
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को भी संकल्प पत्र का अहम हिस्सा बनाया गया है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें देवतनु भट्टाचार्य, मदन चौबे, दुर्गेश नागी, दिलीप दे और सुदीप चौधरी प्रमुख रूप से शामिल थे।
स्थानीय मुद्दों-खासकर ट्रैफिक जाम, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं-पर केंद्रित यह ‘जन संकल्प पत्र’ भाजपा के लिए चुनाव में अहम भूमिका निभा सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता इस विकास आधारित एजेंडे को कितना समर्थन देते हैं।
भाजपा का ‘जन संकल्प पत्र’ लॉन्च: आसनसोल उत्तर में विकास की नई रणनीति भाजपा का ‘जन संकल्प पत्र’ लॉन्च: आसनसोल उत्तर में विकास की नई रणनीति Reviewed by Bengal Media on April 14, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.