Bengal Media

"Your Voice, Your News"

जामुड़िया में मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का हमला, निष्पक्ष चुनाव की उठाई मांग

जामुड़िया: विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच जामुड़िया से कांग्रेस प्रत्याशी तरुण गांगोली ने गुरुवार को जामुड़िया थाना मोड़ स्थित गांधी भवन (ब्लॉक-1) कांग्रेस कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इस मौके पर कांग्रेस नेता फहद हुसैन, ब्लॉक अध्यक्ष परितोष बाउरी,जिला कांग्रेस नेता सोमनाथ चटर्जी, राज्य कमेटी सदस्य विश्वनाथ यादव और सुबल चक्रवर्ती सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए तरुण गांगोली ने माकपा और तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जामुड़िया की जनता के साथ 44 वर्षों तक माकपा और पिछले पांच सालों से तृणमूल कांग्रेस ने छल किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आज भी लोगों को पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा तक नहीं मिल रही है।
गांगोली ने बताया कि अजय नदी के किनारे बसे दर्जनों गांव पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। इसके अलावा उन्होंने जामुड़िया की सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जामुड़िया कुआं मोड़ से तालतोड़ गांव तक की सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, वहीं जामुड़िया बाईपास सड़क भी जर्जर हालत में है।
बिजली समस्या को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 3 अंतर्गत पड़िहारपुर गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे लोग अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जामुड़िया के कई गांवों में अब तक राज्य सरकार की विद्युत सेवा शुरू ही नहीं हो पाई है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि चाहे माकपा की सरकार रही हो या तृणमूल कांग्रेस की, दोनों ने ही जामुड़िया की जनता को ठगा है, जिसके कारण लोग आज भी पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
अंत में उन्होंने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले पंचायत,आसनसोल नगर निगम और विधानसभा चुनावों में धांधली और वोट लूट की घटनाएं सामने आई हैं, ऐसे में प्रशासन को इस बार सख्त कदम उठाकर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चाहिए।
जामुड़िया में मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का हमला, निष्पक्ष चुनाव की उठाई मांग जामुड़िया में मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का हमला, निष्पक्ष चुनाव की उठाई मांग Reviewed by Bengal Media on April 09, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.