रानीगंज- रानीगंज के कुमार बाजार इलाके में एचपी के मंडल गैस एजेंसी के गोदाम के सामने आज एक बार फिर ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और एजेंसी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही गैस सिलेंडर के लिए बुकिंग कर पैसे जमा कर दिए हैं। उनके मोबाइल पर बुकिंग का मैसेज भी आ चुका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस समस्या को लेकर वे कई बार रानीगंज स्टेशन के पास स्थित एजेंसी कार्यालय का चक्कर काट चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
ग्राहकों ने बताया कि जब वे कुमार बाजार स्थित गोदाम पहुंचे तो वहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर भरे हुए दिखे, फिर भी एजेंसी की ओर से उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा। इस पर लोगों ने एजेंसी पर सिलेंडर की कालाबाजारी करने का गंभीर आरोप लगाया।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब गुस्साए लोगों ने गोदाम के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गैस सिलेंडर न मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि जिन ग्राहकों ने पहले ही बुकिंग कर ली है, उन्हें तुरंत गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
रानीगंज में गैस सिलेंडर को लेकर हंगामा, मंडल गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप
Reviewed by Bengal Media
on
April 04, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
April 04, 2026
Rating:

No comments: