बाराबनी विधानसभा से तृणमूल उम्मीदवार विधान उपाध्याय के समर्थन में आयोजित सभा में अभिषेक बनर्जी की हुंकार, बोले, फिर बनेगी ‘मां, माटी, मानुष’ की सरकार
बाराबनी- अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को बाराबनी में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा के सफाए का आह्वान किया। भारी जनसैलाब, खासकर महिलाओं की बड़ी उपस्थिति से उत्साहित बनर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में चौथी बार ‘मां, माटी, मानुष’ की सरकार बनना तय है।
बाराबनी विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बिधान उपाध्याय के समर्थन में प्रचार करते हुए बनर्जी ने उनका हाथ उठाकर जनता से भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिधान उपाध्याय तीन बार के विधायक होने के साथ-साथ आसनसोल के वर्तमान मेयर भी हैं और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ है।
उन्होंने मतदाताओं से इस बार जीत का अंतर 40,000 वोटों से अधिक करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि उनके पिता माणिक उपाध्याय ने भी 2001 में इस सीट पर जीत हासिल की थी।
सभा में बनर्जी ने भाजपा उम्मीदवार अरिजीत राय पर निशाना साधते हुए उन्हें “अस्थिरता का प्रतीक” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के अपने कार्यकर्ता ही अपने उम्मीदवार के व्यवहार और धमकियों से परेशान हैं।
इसके साथ ही उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर क्षेत्र में सक्रिय कथित ‘कोयला माफियाओं’ से जुड़े होने का भी आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की जीत से क्षेत्र में शांति और विकास बाधित होगा।
ममता बनर्जी सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बर्द्धमान जिले का गठन राज्य सरकार की दूरदर्शिता का परिणाम है।
उन्होंने चुरुलिया में काजी नजरुल विश्वविद्यालय की स्थापना, आसनसोल पुलिस कमिश्नरेट का गठन और जिला अस्पताल को सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में बदलने जैसी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब 650 बेड हैं और हर महीने करीब 1,200 कैंसर मरीजों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है।
सभा के दौरान बनर्जी ने आगामी पांच वर्षों के लिए पांच प्रमुख वादों की घोषणा की गई
लक्ष्मी भंडार योजना को अनिश्चित काल तक जारी रखा जाएगा।
हर घर तक पाइपलाइन से पेयजल पहुंचाया जाएगा,‘द्वारे स्वास्थ्य’ के तहत मोबाइल हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे।
लंबित वृद्धावस्था पेंशन 6 महीने में सीधे खाते में भेजी जाएगी,हर पात्र परिवार को पक्का घर देने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
जनता से किया ‘जोड़ा फूल’ पर वोट की अपील
अपने संबोधन के अंत में अभिषेक बनर्जी ने मतदाताओं से ‘जोड़ा फूल’ के निशान पर बटन दबाकर विकास की गति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय दिखाई देती है, जबकि तृणमूल कांग्रेस साल के 365 दिन जनता के साथ खड़ी रहती है।
सभा में तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बाराबनी विधानसभा से तृणमूल उम्मीदवार विधान उपाध्याय के समर्थन में आयोजित सभा में अभिषेक बनर्जी की हुंकार, बोले, फिर बनेगी ‘मां, माटी, मानुष’ की सरकार
Reviewed by Bengal Media
on
April 04, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
April 04, 2026
Rating:

No comments: