राजनीतिक हिंसा में मारे गए 321 भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी उठाएगी सरकार : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले भाजपा के 321 कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी अब राज्य सरकार उठाएगी।
सोमवार को नवान्न में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। बैठक में नव नियुक्त मंत्रियों के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक संघर्ष के दौरान भाजपा के 321 कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। सरकार उन सभी को श्रद्धांजलि अर्पित करती है और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राजनीतिक हत्याओं और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की राजनीतिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पहली कैबिनेट बैठक में सरकार की आगामी योजनाओं और प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के राज्य के सभी लोगों के विकास के लिए काम करेगी।
उन्होंने हालिया विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय बाद पश्चिम बंगाल में भयमुक्त, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने चुनाव प्रक्रिया में योगदान देने वाले मतदानकर्मियों, मतगणना कर्मियों, राज्य पुलिस, कोलकाता पुलिस तथा सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों का आभार व्यक्त किया।
राजनीतिक हिंसा में मारे गए 321 भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी उठाएगी सरकार : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
Reviewed by Bengal Media
on
May 11, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
May 11, 2026
Rating:

No comments: