Bengal Media

"Your Voice, Your News"

गिरीधन के बाद अब श्यामसेल फैक्ट्री में हंगामा, सैकड़ों श्रमिकों का प्रदर्शन, प्रबंधन के आश्वासन पर फिलहाल शांत हुआ मामला

जामुड़िया- जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र में एक बार फिर ठेका श्रमिकों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को गिरीधन फैक्ट्री में हुए विरोध प्रदर्शन के ठीक अगले दिन मंगलवार सुबह श्यामसेल एंड पावर लिमिटेड की सीआरएम यूनिट में भारी संख्या में ठेका श्रमिकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
करीब दो से तीन सौ ठेका श्रमिकों ने फैक्ट्री परिसर के बाहर जुटकर 12 घंटे की ड्यूटी खत्म कर 8 घंटे कार्य समय लागू करने, सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी देने, महीने में चार छुट्टियां, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रमिकों के लिए शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि वे वर्षों से लगातार भारी दबाव में काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो उचित वेतन मिल रहा है और न ही कोई श्रमिक सुविधा। श्रमिकों ने कहा कि अपनी समस्याओं को उठाने पर नौकरी से निकालने तक की धमकी दी जाती है।
एक श्रमिक ने कहा हम अपनी जान जोखिम में डालकर फैक्ट्री का उत्पादन बढ़ा रहे हैं, लेकिन बदले में हमें अधिकार और सम्मान दोनों से वंचित रखा जा रहा है।
स्थिति उस समय और गरमा गई जब श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि सुजन मुखर्जी मौके पर पहुंचे और श्रमिकों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन के साथ चर्चा कर श्रमिकों की मांगों को सामने रखा।
बाद में सुजन मुखर्जी ने श्रमिकों को बताया कि प्रबंधन ने ठेकेदारों के साथ जल्द बैठक कर सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल श्रमिकों ने अपना प्रदर्शन वापस ले लिया, लेकिन इलाके में श्रमिक असंतोष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गिरीधन के बाद अब श्यामसेल फैक्ट्री में हंगामा, सैकड़ों श्रमिकों का प्रदर्शन, प्रबंधन के आश्वासन पर फिलहाल शांत हुआ मामला  गिरीधन के बाद अब श्यामसेल फैक्ट्री में हंगामा, सैकड़ों श्रमिकों का प्रदर्शन, प्रबंधन के आश्वासन पर फिलहाल शांत हुआ मामला Reviewed by Bengal Media on May 19, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.