मंत्री बनने के बाद पहली बार बांसड़ा पहुंचीं अग्निमित्रा पाल, खुली जीप पर किया रोड शो, चुनावी गीतों पर जमकर थिरकीं
रानीगंज : विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने और राज्य कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पाल रविवार को पहली बार रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के बांसड़ा इलाके के दौरे पर पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
बांसड़ा पहुंचते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल खुली जीप पर सवार होकर विशाल काफिले के साथ इलाके का दौरा करती नजर आईं। इस दौरान माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया, जब चुनावी गीतों की धुन पर मंत्री खुद को रोक नहीं पाईं और समर्थकों के साथ जमकर थिरकती दिखाई दीं।
मीडिया से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने बेबाक अंदाज में कहा मंत्री बनने के बाद क्या नृत्य करना मना है? 2026 के चुनाव परिणामों के बाद बंगाल के लोग खुद को आजाद महसूस कर रहे हैं। जनता खुशियां मना रही है और मैं भी उनकी खुशियों में शामिल हूं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में स्वस्थ राजनीतिक संस्कृति और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सरकार पूरी निष्ठा से काम करेगी।
इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी तीखा हमला बोला। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ जांच की मांग का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में जनता के पैसों की लूट करने वालों का हिसाब होना जरूरी है।
टीएमसी नेताओं की सुरक्षा कम होने के सवाल पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में आम जनता असुरक्षित थी, जबकि नेताओं की सुरक्षा में पूरा प्रशासन लगा रहता था। अब सत्ता बदल चुकी है और सभी को आम लोगों की तरह जीवन जीना होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत की अपील का जिक्र करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भाजपा मंत्री कम से कम गाड़ियों के काफिले के साथ चलेंगे ताकि सरकारी संसाधनों और ईंधन की बचत हो सके।
मंत्री बनने के बाद पहली बार बांसड़ा पहुंचीं अग्निमित्रा पाल, खुली जीप पर किया रोड शो, चुनावी गीतों पर जमकर थिरकीं
Reviewed by Bengal Media
on
May 17, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
May 17, 2026
Rating:

No comments: