Bengal Media

"Your Voice, Your News"

फूलबेड़िया में दर्दनाक हादसा: ईसीएल हाइड्रा ने ली मजदूर की जान, भड़के ग्रामीण

आसनसोल - सलानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलबेड़िया हनुमान मंदिर के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ईसीएल की हाइड्रा वाहन की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय मंगल बाउरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जेमारी गांव के निवासी थे, लेकिन घऱ जमाई के रूप में फूलबेड़िया गांव में रह रहे थे। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगल बाउरी रोज की तरह बुधवार सुबह भी साइकिल से एक निजी कारखाने में काम करने जा रहे थे। रास्ते में साइकिल खराब हो जाने के कारण वह वापस घर लौट रहे थे। तभी फूलबेड़िया हनुमान मंदिर के पास ईसीएल ट्रांसपोर्ट रोड पर तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने हाइड्रा को घेर लिया और शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुआवजे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि ईसीएल की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण इलाके में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि कई भारी वाहन प्रशिक्षित चालकों की जगह खलासी द्वारा चलाए जाते हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल पहुंचा। घटनास्थल पर ईसीएल एजेंट मैनेजर दिनेश प्रसाद, एसीपी कुल्टी जावेद हुसैन, सलानपुर थाना प्रभारी, रूपनारायणपुर फाड़ी प्रभारी तथा कुल्टी ट्रैफिक पुलिस मौजूद रही। वहीं नवनिर्वाचित विधायक अरिजीत राय के पिता अमल राय भी मौके पर पहुंचे।
लंबी बातचीत और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद मृतक के परिवार को ईसीएल की ठेका कंपनी में एक सदस्य को नौकरी और 10 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइड्रा वाहन को भी जब्त कर लिया है।

फूलबेड़िया में दर्दनाक हादसा: ईसीएल हाइड्रा ने ली मजदूर की जान, भड़के ग्रामीण फूलबेड़िया में दर्दनाक हादसा: ईसीएल हाइड्रा ने ली मजदूर की जान, भड़के ग्रामीण Reviewed by Bengal Media on May 20, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.