रानीगंज- रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की लेडीज विंग एवं श्याम सुंदर चांदीवाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 'द ट्रेड शो-2026' का शनिवार को रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और स्थानीय व्यवसाय को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में शहर तथा आसपास के क्षेत्रों की महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में व्यवसायियों, समाजसेवियों, महिला उद्यमियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ रानीगंज की बेटी एवं पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय पोद्दार की पत्नी सरोज पोद्दार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी में टेक्सटाइल, ज्वेलरी, होम डेकोर, हस्तशिल्प, लाइफस्टाइल उत्पाद, उपहार सामग्री तथा घरेलू उपयोग की अनेक वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। आगंतुकों ने विभिन्न उत्पादों की खरीदारी के साथ महिला उद्यमियों के कार्यों की प्रशंसा भी की.उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आर. पी. खेतान ने कहा कि वर्तमान समय महिला सशक्तिकरण का युग है और रानीगंज की महिलाएं अपनी प्रतिभा, परिश्रम तथा उद्यमशीलता के बल पर आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने, नए ग्राहकों से जुड़ने तथा व्यवसाय के विस्तार का प्रभावी अवसर प्रदान करते हैं। समाजसेवी प्रेम गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि अब वह समय बीत चुका है जब महिलाओं की भूमिका केवल घर-परिवार तक सीमित मानी जाती थी। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज की जिम्मेदारी है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बनकर समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।आयोजन के प्रमुख सहयोगी श्याम सुंदर चांदीवाला ने कहा कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यापारिक आयोजनों से महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन, नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। समाज के सभी वर्गों को ऐसे प्रयासों में बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए।आयोजकों ने बताया कि दो दिवसीय यह प्रदर्शनी 27 एवं 28 जून तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी के दौरान बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, लेडीज विंग की सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे यह आयोजन व्यापारिक प्रदर्शनी के साथ-साथ पारिवारिक आकर्षण का भी केंद्र बना रहेगा। आयोजन में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों, शहर के प्रमुख व्यवसायियों, महिला उद्यमियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल, 'द ट्रेड शो-2026' में महिला उद्यमियों को मिला बड़ा अवसर
Reviewed by Bengal Media
on
June 27, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 27, 2026
Rating:

No comments: