Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज के विकास को लेकर पार्थ घोष ने रेल मंत्री से की मुलाकात, लायकबांध विस्थापितों के पुनर्वास की उठाई मांग

रानीगंज- रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, रेल अवसंरचना के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार तथा लंबे समय से लंबित जन मांगों को लेकर रानीगंज के विधायक एवं अधिवक्ता पार्थ घोष ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई विकासात्मक प्रस्ताव रेल मंत्री के समक्ष रखे और शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया। बैठक के दौरान विधायक पार्थ घोष ने विशेष रूप से रानीगंज के लायेकबांध, पुरनमल तथा अंडाल स्टेशन के आसपास रेलवे की भूमि पर चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के प्रति मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार के हितों की अनदेखी न हो। पार्थ घोष ने कहा कि कुछ समय पूर्व उन्होंने स्वयं रानीगंज के लायकबांध पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी। उन्होंने उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया था। उसी वादे को निभाने के उद्देश्य से उन्होंने एक बार फिर रेल मंत्री के समक्ष इस विषय को मजबूती से रखा और प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग की।बैठक में विधायक ने रानीगंज विधानसभा क्षेत्र और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए। उन्होंने उखड़ा और शंकरपुर में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। इसके साथ ही उखड़ा रेलवे स्टेशन पर एमजीआर चेन्नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा वनांचल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी रखी। उन्होंने अमृत भारत योजना के अंतर्गत रानीगंज रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण, रानीगंज-बांकुड़ा नई रेललाइन परियोजना को शीघ्र पूरा करने तथा रानीगंज स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस और भविष्य में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी की। इसके अतिरिक्त आसनसोल-कोलकाता एवं आसनसोल-नई दिल्ली के बीच नई रेल सेवाएं शुरू करने, वर्तमान साप्ताहिक ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से दैनिक सेवा में परिवर्तित करने तथा अंडाल रेलवे स्टेशन पर अधिक महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता पर भी जोर दिया। विधायक ने यात्री और मालवाहक रेल अवसंरचना के विस्तार, स्थानीय रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा पूरे औद्योगिक क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि रानीगंज, उखड़ा, अंडाल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की ये लंबे समय से चली आ रही जायज मांगें हैं, जिनके पूरा होने से लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। बैठक के बाद पार्थ घोष ने विश्वास जताया कि रेल मंत्री ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना है और उन्हें उम्मीद है कि इन मांगों पर सकारात्मक पहल होगी। उन्होंने कहा कि यदि ये परियोजनाएं साकार होती हैं तो क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और औद्योगिक क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
रानीगंज के विकास को लेकर पार्थ घोष ने रेल मंत्री से की मुलाकात, लायकबांध विस्थापितों के पुनर्वास की उठाई मांग रानीगंज के विकास को लेकर पार्थ घोष ने रेल मंत्री से की मुलाकात, लायकबांध विस्थापितों के पुनर्वास की उठाई मांग Reviewed by Bengal Media on June 30, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.