बल्लभपुर ग्राम पंचायत में सीपीआईएम का जोरदार प्रदर्शन, 100 दिन के काम की बकाया मजदूरी समेत कई मांगों पर सौंपा ज्ञापन
रानीगंज- 100 दिन के कार्य (मनरेगा) की बकाया मजदूरी का भुगतान, बेघर परिवारों को आवास योजना का लाभ, जर्जर सड़कों की मरम्मत, पेयजल संकट का समाधान तथा गरीबों को सरकारी योजनाओं से वंचित किए जाने के विरोध में गुरुवार को सीपीआईएम रानीगंज एरिया कमेटी के नेतृत्व में बल्लभपुर ग्राम पंचायत कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत प्रशासन को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
बल्लभपुर स्थित पार्टी कार्यालय से लाल झंडों के साथ निकली रैली पंचायत कार्यालय पहुंची, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान 100 दिन के कार्य को शीघ्र शुरू करने और बकाया मजदूरी का भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
प्रदर्शन सभा को हेमंत प्रभाकर, मलय मंडल, गुरुपदो बाउरी, सुभाष बाउरी और शाश्वती मित्र ने संबोधित किया, जबकि सभा का संचालन अशोक बाउरी ने किया।
इस दौरान हेमंत प्रभाकर ने आरोप लगाया कि गरीब एवं श्रमिक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई केवल सीपीएम लड़ रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा की नीतियों के कारण पश्चिम बंगाल में 100 दिन का कार्य प्रभावित हुआ है। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा नई योजना लागू किए जाने के बावजूद सभी क्षेत्रों में काम शुरू नहीं हुआ है।
सभा में आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को घर उपलब्ध कराने, बरसात के मौसम में वास्तविक जरूरतमंदों को तिरपाल देने, पेयजल समस्या दूर करने, नालों की सफाई एवं सिंचाई व्यवस्था में सुधार की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा गरीब परिवारों के राशन कार्ड निरस्त किए जाने का भी विरोध किया गया।
बल्लभपुर ग्राम पंचायत में सीपीआईएम का जोरदार प्रदर्शन, 100 दिन के काम की बकाया मजदूरी समेत कई मांगों पर सौंपा ज्ञापन
Reviewed by Bengal Media
on
July 02, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 02, 2026
Rating:

No comments: