Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज में CITU का झंडा हटाकर भाजपा का झंडा लगाने पर बवाल, वाम संगठनों का जोरदार विरोध प्रदर्शन

रानीगंज: आसनसोल नगर निगम के रानीगंज बोरो-2 कार्यालय के बाहर सीआईटीयू (CITU) से संबद्ध रानीगंज म्यूनिसिपल मजदूर यूनियन का लाल झंडा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हटाए जाने के विरोध में शनिवार शाम सीआईटीयू और विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लाल झंडा लेकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि बोरो कार्यालय किसी राजनीतिक दल का कार्यालय नहीं है, बल्कि यह एक सरकारी संस्थान है। ऐसे में सरकार से मान्यता प्राप्त सीआईटीयू की मजदूर यूनियन का झंडा हटाकर भाजपा का झंडा लगाना पूरी तरह अनुचित और अलोकतांत्रिक है।
नेताओं ने बताया कि इस घटना से नगर निगम कर्मचारियों में भारी नाराजगी है तथा दोषियों के खिलाफ प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई गई है। विरोध सभा को सुप्रियो राय, संजय प्रामाणिक और रामकृष्ण चटर्जी सहित कई श्रमिक नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान पूर्व चेयरमैन रूनू दत्ता भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि पिछले गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे भाजपा के कुछ कार्यकर्ता बोरो-2 कार्यालय पहुंचे और वहां लगे सीआईटीयू के लाल झंडे को हटाकर भाजपा का झंडा लगा दिया था। सीआईटीयू नेताओं के अनुसार, रानीगंज म्यूनिसिपल मजदूर यूनियन की स्थापना वर्ष 1955 में नगर निगम कर्मचारियों के वेतन वृद्धि और श्रमिक अधिकारों की लड़ाई के लिए की गई थी। बाद में यह यूनियन सीआईटीयू से संबद्ध हो गई और वर्तमान में ऑल बंगाल म्यूनिसिपल वर्क्समैन फेडरेशन के तहत संचालित होती है।
यूनियन का दावा है कि वह कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए), मृत कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी, सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य बीमा, सुरक्षा उपकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार आंदोलन करती रही है। रानीगंज बोरो-2 में यूनियन के 120 से अधिक सदस्य हैं।
सीआईटीयू नेताओं ने कहा कि उनकी यूनियन सरकार से मान्यता प्राप्त है और भाजपा का यह कदम पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भी तृणमूल कांग्रेस की तरह अनैतिक राजनीतिक तरीकों का अनुसरण कर रही है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

रानीगंज में CITU का झंडा हटाकर भाजपा का झंडा लगाने पर बवाल, वाम संगठनों का जोरदार विरोध प्रदर्शन रानीगंज में CITU का झंडा हटाकर भाजपा का झंडा लगाने पर बवाल, वाम संगठनों का जोरदार विरोध प्रदर्शन Reviewed by Bengal Media on July 04, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.