रानीगंज (अनूप जोशी): पश्चिम बर्दवान के रानीगंज में पुलिस ने अपनी सतर्कता, संवेदनशीलता और मानवीय सोच का परिचय देते हुए एक 12 वर्षीय आदिवासी छात्रा को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाकर एक संभावित अनहोनी टाल दी। शॉपिंग मॉल में अकेली भटक रही बच्ची को रानीगंज थाना पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण में लेकर न केवल उसके परिजनों तक पहुंचाया, बल्कि पूरे समय उसका विशेष ख्याल भी रखा।
पुलिस के अनुसार, 12 वर्षीय बंदना हांसदा रानीगंज थाना क्षेत्र के जेमारी ग्राम पंचायत अंतर्गत बेलियाबाथान आदिवासी गांव की निवासी है और स्थानीय विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा है।
मंगलवार शाम रानीगंज के एक शॉपिंग मॉल के कर्मचारियों ने बच्ची को काफी देर तक अकेले घूमते देखा। पूछताछ के दौरान वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। स्थिति को गंभीर देखते हुए कर्मचारियों ने तत्काल रानीगंज थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रानीगंज थाना के आईसी सुबीर कर्मकार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाने ले आई। शुरुआत में वह डरी-सहमी थी और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस ने धैर्य और स्नेह के साथ उससे बातचीत की, जिसके बाद उसने अपना नाम और गांव की जानकारी दी। इसी आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
थाने में बच्ची बार-बार घर की याद में भावुक होकर रोने लगी। ऐसे में महिला पुलिसकर्मियों ने उसे अपनेपन का एहसास दिलाया। उससे बातचीत की, खेल खिलाए, भोजन कराया और उसका मन बहलाने के लिए पिज्जा भी खिलाया। बाद में बच्ची ने मुस्कुराते हुए कहा कि पुलिस के "दीदी" और "काकू" ने उसका बहुत ख्याल रखा।
सूचना मिलने पर बच्ची के परिजन रानीगंज थाने पहुंचे। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिवार ने राहत की सांस ली और रानीगंज थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा अकेले रानीगंज शहर तक कैसे पहुंची। परिजनों के अनुसार, वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार उसकी तलाश में जुट गया था। बाद में रानीगंज थाना से फोन आने पर उन्हें पता चला कि उनकी बेटी पूरी तरह सुरक्षित है।
बेलियाबाथान गांव के प्रधान सिद्धार्थ मार्डी ने रानीगंज थाना पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। उन्होंने पुलिस की मानवीय सोच, तत्परता और जिम्मेदार कार्यशैली की प्रशंसा की।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रानीगंज थाना पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में भी हमेशा आगे रहती है।
रानीगंज पुलिस की मानवता की मिसाल! शॉपिंग मॉल में भटक रही 12 वर्षीय छात्रा को सकुशल परिवार से मिलाया
Reviewed by Bengal Media
on
July 21, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 21, 2026
Rating:

No comments: