पांडवेश्वर: पांडवेश्वर क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के वित्तीय सहयोग और पश्चिम बर्धमान जिला परिषद के संयुक्त प्रयास से 3 करोड़ 34 लाख 46 हजार 642 रुपये की लागत वाली सड़क निर्माण परियोजना का शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। आसनसोल के विधायक जितेंद्र तिवारी ने फीता काटकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
यह सड़क सीएल जामबाद कोलियरी के मैनेजर कार्यालय से डोमपाड़ा तक बनाई जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों, कोलियरी कर्मियों और आम लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि यह परियोजना ईसीएल और जिला परिषद के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि ईसीएल उपलब्ध करा रहा है, जबकि निर्माण कार्य पश्चिम बर्धमान जिला परिषद द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी इस परियोजना को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी। उनका मानना है कि सड़क बनने से न केवल आवाजाही आसान होगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर ईसीएल केंदा क्षेत्र के महाप्रबंधक अक्षय चंद्र दे, सिविल इंजीनियर राम मनोहर, भाजपा मंडल अध्यक्ष वेणुधर मंडल, मंडल उपाध्यक्ष विनोद मिस्त्री, संजीत सिंह, वरुण शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
पांडवेश्वर को मिली 3.34 करोड़ की सड़क परियोजना की सौगात, विधायक जितेंद्र तिवारी ने किया शिलान्यास
Reviewed by Bengal Media
on
July 11, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 11, 2026
Rating:

No comments: