दिल्ली मे छात्रों पर लाठीचार्ज और नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में रानीगंज मे भीम आर्मी का जोरदार प्रदर्शन
रानीगंज- दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज तथा देशभर में नीट (NEET) परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले के विरोध में शनिवार को रानीगंज में भीम आर्मी की ओर से जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। रानीगंज थाना क्षेत्र के पंजाबी मोड़ स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के समक्ष आयोजित इस विरोध सभा में संगठन के बड़ी संख्या में छात्र, युवा, महिलाएं और पुरुष शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और संबंधित प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने पहुंचे छात्र-युवाओं पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका कहना था कि कथित रूप से बिना नेमप्लेट लगाए कुछ पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान छिपाकर आंदोलनकारियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। सभा को संबोधित करते हुए संगठन के प्रतिनिधियों ने देशभर में सामने आए नीट (NEET) परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं से लाखों मेहनती और मेधावी विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ रहा है। वर्षों की कठिन मेहनत और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर पानी फिर रहा है, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों में गहरा आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, प्रश्नपत्र लीक गिरोह के मास्टरमाइंड को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने इस प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि जब तक दोषियों को उदाहरणात्मक सजा नहीं मिलेगी, तब तक इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकेगी। विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रानीगंज थाना पुलिस की ओर से कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। लंबे समय तक चले इस विरोध कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की हिंसा या कानून-व्यवस्था संबंधी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
दिल्ली मे छात्रों पर लाठीचार्ज और नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में रानीगंज मे भीम आर्मी का जोरदार प्रदर्शन
Reviewed by Bengal Media
on
July 25, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 25, 2026
Rating:

No comments: