Bengal Media

"Your Voice, Your News"

अंडाल में ईडी की बड़ी रेड, केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ घर में घंटों चली तलाशी, इलाके में मचा हड़कंप

दुर्गापुर: पश्चिम बर्दवान के अंडाल थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8 बजे केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ ईडी अधिकारियों की टीम स्थानीय निवासी राम मल्लिक के घर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, राम मल्लिक के पिता दिलीप मल्लिक ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। ईडी की टीम ने घर के विभिन्न कमरों की बारीकी से तलाशी लेते हुए बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, संपत्ति के कागजात, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ अहम दस्तावेज ईडी ने अपने कब्जे में भी लिए हैं, जिनकी आगे जांच की जाएगी।
छापेमारी के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा। किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई और पूरे अभियान को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया गया।
हालांकि, ईडी की यह कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसे लेकर समाचार लिखे जाने तक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। ऐसे में इलाके में विभिन्न तरह की चर्चाएं और अटकलें तेज हैं। स्थानीय स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े किसी मामले की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
समाचार लिखे जाने तक ईडी की तलाशी कार्रवाई जारी थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल ईडी पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से गहन जांच कर रही है।
अंडाल में ईडी की बड़ी रेड, केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ घर में घंटों चली तलाशी, इलाके में मचा हड़कंप अंडाल में ईडी की बड़ी रेड, केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ घर में घंटों चली तलाशी, इलाके में मचा हड़कंप Reviewed by Bengal Media on July 09, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.