Bengal Media

"Your Voice, Your News"

जामुड़िया को मिली बड़ी सौगात, समाजसेवी अजय खेतान ने विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को सौंपी अत्याधुनिक एसी एम्बुलेंस

जामुड़िया: भारत के महान राष्ट्रनायक, प्रखर शिक्षाविद् एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर जामुड़िया की जनता को एक बड़ी सौगात मिली। बिहारीजी ऑटो सर्विस स्टेशन के संचालक एवं समाजसेवी अजय कुमार खेतान ने जनसेवा के उद्देश्य से एक अत्याधुनिक वातानुकूलित एम्बुलेंस जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को समर्पित की।
एम्बुलेंस समर्पण समारोह में अजय कुमार खेतान ने कहा कि समाज ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनकी जयंती पर यह एम्बुलेंस जनता को समर्पित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने बताया कि जामुड़िया और आसपास के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अक्सर दुर्गापुर, आसनसोल, कोलकाता सहित अन्य बड़े अस्पतालों में जाना पड़ता है। ऐसे में यह आधुनिक एसी एम्बुलेंस मरीजों को सुरक्षित, सम्मानजनक और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने अजय कुमार खेतान के इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक एम्बुलेंस का दान नहीं, बल्कि जामुड़िया की जनता के स्वास्थ्य और मानवीय संवेदनाओं के प्रति एक प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने क्षेत्र के उद्योगों, कारखानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आगे आकर जनहित में एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की अपील की।
विधायक ने कहा कि यदि सभी उद्योग सहयोग करें तो जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में आठ से नौ आधुनिक एम्बुलेंसों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा सकता है, जिससे किसी भी मरीज को समय पर एम्बुलेंस के अभाव में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार, उद्योग और समाज के संयुक्त प्रयास से जामुड़िया को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक आदर्श विधानसभा बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल-3 के अध्यक्ष दीप बनर्जी, सचिव छोटन चटर्जी, मंडल-4 के नरेंद्र सिंह, राणा बनर्जी, विश्वजीत मिश्रा, राहुल शर्मा, बुद्धजीत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस जनहितकारी पहल का स्वागत करते हुए इसे जामुड़िया की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
जामुड़िया को मिली बड़ी सौगात, समाजसेवी अजय खेतान ने विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को सौंपी अत्याधुनिक एसी एम्बुलेंस जामुड़िया को मिली बड़ी सौगात, समाजसेवी अजय खेतान ने विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को सौंपी अत्याधुनिक एसी एम्बुलेंस Reviewed by Bengal Media on July 07, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.