रानीगंज: रानीगंज बाजार में अचानक चीनी के दाम बढ़ने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। कुछ दिन पहले तक जहां चीनी करीब 45 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 65 से 70 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गई है। सिर्फ चीनी ही नहीं, बल्कि प्याज, तेल, दाल समेत कई जरूरी सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों पर महंगाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।
बाजार में बढ़ती कीमतों के कारणों की जांच करने और कहीं अवैध जमाखोरी या कालाबाजारी के जरिए कृत्रिम संकट तो पैदा नहीं किया जा रहा, इसकी जांच के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। राज्य सरकार के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स की निगरानी के तहत शनिवार को रानीगंज में कई चीनी और खाद्य सामग्री की दुकानों तथा गोदामों का निरीक्षण किया गया।
इस अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल ध्रुव दास और रानीगंज थाना के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न गोदामों में मौजूद खाद्य सामग्री के स्टॉक, खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेजों और बाजार में सामान की आपूर्ति व्यवस्था की जांच की।
इसके साथ ही व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें उचित मूल्य पर सामान बेचने और बाजार में किसी भी तरह का कृत्रिम संकट पैदा नहीं करने की हिदायत दी गई।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं अत्यधिक स्टॉक, अवैध जमाखोरी या असामान्य कीमत पर सामान की बिक्री जैसी कोई अनियमितता तो नहीं हो रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जिले के विभिन्न इलाकों में भी इसी तरह की निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को हुई जांच के दौरान बड़ी किसी तरह की अनियमितता सामने नहीं आई। हालांकि, बाजार की स्थिति पर निगरानी लगातार जारी रखने की बात अधिकारियों ने कही है।
डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने कहा कि आम लोगों पर किसी भी तरह का अतिरिक्त मूल्य भार न पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए बाजार पर निगरानी रखी जा रही है। खाद्य पदार्थों की कीमत और आपूर्ति की स्थिति की नियमित रूप से जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान और निरीक्षण जारी रहेंगे।
चीनी के दाम में अचानक हुई बढ़ोतरी से जहां आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ी है, वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि बाजार में चीनी समेत जरूरी सामानों की कीमतों पर कितना नियत्रण हो पाता है।
कीमतों में बढ़ोतरी की वजह तलाशने रानीगंज में प्रशासन का अभियान, गोदामों पर रखी गई नजर
Reviewed by Bengal Media
on
August 29, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
August 29, 2026
Rating:

No comments: