जामुड़िया में अन्नपूर्णा भंडार का पैसा मिलने से महिलाओं में खुशी, एक-दूसरे का मुंह मीठा कर जताया आभार
जामुड़िया(टोनी आलम): जहां एक ओर पूरे प्रदेश में अन्नपूर्णा भंडार का पैसा नहीं मिलने को लेकर महिलाओं के आंदोलन की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया के वार्ड नंबर 1 अंतर्गत शांतिनगर के 47 नंबर बूथ इलाके में इससे बिल्कुल अलग तस्वीर देखने को मिली। यहां अन्नपूर्णा भंडार का पैसा मिलने से महिलाओं में खुशी का माहौल देखा गया।
पैसा मिलने की खुशी में महिलाओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और इसके लिए इलाके के समाजसेवी के रूप में परिचित विश्वजीत मिश्रा के प्रति आभार जताया। महिलाओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी और समाजसेवी विश्वजीत मिश्रा को विशेष रूप से धन्यवाद देना चाहती हैं। उनका कहना है कि इन लोगों के प्रयासों से ही उन्हें अन्नपूर्णा भंडार की राशि मिलनी शुरू हुई है।
इस संबंध में विश्वजीत मिश्रा ने बताया कि शांतिनगर इलाके की करीब 95 प्रतिशत महिलाओं के अन्नपूर्णा भंडार का पैसा आना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि लाभ पाने वाली अधिकांश महिलाएं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आती हैं और उनके लिए हर महीने मिलने वाली 3,000 रुपये की राशि काफी महत्वपूर्ण है। इस राशि से उनके परिवार को आर्थिक सहारा मिलेगा और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद होगी।
विश्वजीत मिश्रा ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि जरूरतमंद और पात्र महिलाओं को अब योजना का लाभ मिलना शुरू हुआ है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी का भी आभार जताया।
उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने वादा किया था कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कोई भी ऐसी पात्र महिला नहीं रहेगी, जो अन्नपूर्णा भंडार के लाभ से वंचित हो। वर्तमान स्थिति को देखते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वे अपने वादे को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं।
जामुड़िया में अन्नपूर्णा भंडार का पैसा मिलने से महिलाओं में खुशी, एक-दूसरे का मुंह मीठा कर जताया आभार
Reviewed by Bengal Media
on
August 24, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
August 24, 2026
Rating:

No comments: