Bengal Media

"Your Voice, Your News"

शिक्षक दिवस पर भारत विकास परिषद की पहल, सियारसोल ग्राम प्राथमिक विद्यालय को भेंट किया कंप्यूटर; शिक्षक-शिक्षिकाओं का हुआ सम्मान

रानीगंज: शिक्षक दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद की ओर से सियारसोल इलाके में स्थित सियारसोल ग्राम प्राथमिक विद्यालय में कंप्यूटर प्रदान किया गया। इस पहल से विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया, अरुणमय कुंडु,दुर्गा विद्यालय प्राइमरी स्कूल
प्रिंसिपल प्रदीप सिंह राठौड़, भाजपा नेत्री शताब्दी चटर्जी, रानीगंज सर्कल स्कूल इंस्पेक्टर सुशोवन कोणार, सियारसोल ग्राम प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्माल्य सेन गुप्ता, डॉ. बी.बी. मुखर्जी, उत्सव मुखर्जी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रदीप कुमार बाजोरिया ने कहा कि भारत विकास परिषद एक राष्ट्रीय संस्था है, जिसका प्रमुख उद्देश्य लोगों के बीच राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करना है। संस्था की ओर से विद्यार्थियों के अभिनंदन और शिक्षकों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में एक बालिका विद्यालय में छात्राओं का अभिनंदन किया गया था और पांच शिक्षकों का सम्मान किया गया। वहीं शिक्षक दिवस के अवसर पर सियारसोल ग्राम प्राथमिक विद्यालय में कंप्यूटर प्रदान करने के साथ शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ा रहा है। अब तक संस्था की ओर से तीन कंप्यूटर उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि आने वाले समय में चार और कंप्यूटर प्रदान करने की योजना है।
रानीगंज सर्कल स्कूल इंस्पेक्टर सुशोवन कोणार ने विद्यालय की सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि सियारसोल ग्राम प्राथमिक विद्यालय के बारे में जितना कहा जाए, उतना कम है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय होने के बावजूद यहां विद्यार्थियों को कई बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने विद्यालय में मिड-डे मील और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब कंप्यूटर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सुशोवन कोणार ने कहा कि हर प्राथमिक विद्यालय की स्थिति एक जैसी नहीं हो सकती, लेकिन नकारात्मक सोच को छोड़कर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम करने की जरूरत है। इसी सोच के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्माल्य सेन गुप्ता ने कहा कि जब से उन्होंने विद्यालय की जिम्मेदारी संभाली है, तब से शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह धारणा गलत है कि सरकारी स्कूलों में अच्छी पढ़ाई नहीं होती। सरकारी विद्यालयों में भी बेहतर शिक्षा दी जा सकती है, जरूरत केवल उचित ध्यान और प्रयास की है।
प्रधानाध्यापक ने भारत विकास परिषद और प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि इसी सहयोग की वजह से विद्यालय में कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध हो सकी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में हर वर्ष शिक्षक दिवस मनाया जाता है और इस बार शिक्षक दिवस के दिन कंप्यूटर की सुविधा मिलना विद्यालय परिवार के लिए विशेष खुशी का विषय है।
शिक्षक दिवस पर भारत विकास परिषद की पहल, सियारसोल ग्राम प्राथमिक विद्यालय को भेंट किया कंप्यूटर; शिक्षक-शिक्षिकाओं का हुआ सम्मान शिक्षक दिवस पर भारत विकास परिषद की पहल, सियारसोल ग्राम प्राथमिक विद्यालय को भेंट किया कंप्यूटर; शिक्षक-शिक्षिकाओं का हुआ सम्मान Reviewed by Bengal Media on September 05, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.